बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (Bihar Board) ने 12वीं यानी इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी कर दिया है। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने रिजल्ट जारी किया है। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ और बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। इस वर्ष कुल 86.50% छात्रों ने परीक्षा पास की है। परीक्षार्थियों के बीच कॉमर्स संकाय के छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत सबसे अधिक, 94.77% रहा है। कला संकाय के इंटर उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का प्रतिशत 82.75 रहा।
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि 86.50 प्रतिशत छात्रों ने इंटर परीक्षा पास की। आज जारी किए गए परिणाम के अनुसार, पूरे राज्य में प्रिया जायसवाल (पश्चिम चंपारण) ने 484 अंकों के साथ विज्ञान संकाय में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं आकाश कुमार (अरवल) ने 480 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं पटना के रवि कुमार 478 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
बिहार बोर्ड ने जारी किया इंटरमीडिएट का रिजल्ट जानिए कितने अभ्यर्थी हुए सफल
कला संकाय में संयुक्त रूप से अंकिता कुमार और साकिब साह ने पहला स्थान प्राप्त किया। इन दोनों को 473 अंक मिले। दूसरे स्थान पर अनुष्का कुमारी और रुबैया फातिमा ने 471 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं तीसरे स्थान पर तीन छात्र शामिल हैं। इन्हें 470 अंक प्राप्त हुए।

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि लगातार सातवीं बार बिहार ने देश में सबसे पहले इंटर का रिजल्ट जारी किया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटर परीक्षा में इस बार सर्वाधिक विज्ञान संकाय के 633896, कला संकाय के 611365 और कॉमर्स संकाय के 34821 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। विज्ञान के 568330, कला के 505884 और कॉमर्स के 32999 परीक्षार्थी पास हुए हैं।