Buxar : बहुचर्चित अहियापुर ट्रिपल मर्डर केस में नामजद तीन फरार आरोपियों ने सोमवार को व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें संतोष यादव, मनोज यादव और बटेश्वर यादव शामिल हैं। इनकी सरेंडर की पुष्टि राजपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस पूर्व में सरेंडर कर चुके दो अभियुक्तों कोर्ट से रिमांड की मांग कर उनसे से पूछताछ करेगी।
मामले में इससे पहले महेंद्र यादव और सलीम अंसारी पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। पुलिस इन दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी जिसके बाद संतोष, मनोज और बटेश्वर को भी रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि अहियापुर गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था। इस मामले में पुलिस ने संतोष यादव, मनोज यादव समेत कई लोगों को नामजद किया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की थी।
लालू-तेजस्वी का झंडा लगाकर ट्रैक्टर पर चढ़ गये RJD सांसद सुधाकर सिंह.. BJP-JDU पर खूब बरसे
फरार आरोपियों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस ने संतोष यादव और मनोज यादव के अहियापुर स्थित मकानों की कुर्की जब्ती की कार्रवाई की थी। इसके अलावा धनसोई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी बटेश्वर यादव के घर की भी कुर्की की तैयारी कर ली गई थी। लगातार बढ़ रहे पुलिस दबाव और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई से घबराकर आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया।
राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि यह पुलिस की सख्ती और न्यायालय की सक्रियता का परिणाम है कि अब आरोपी खुद सामने आ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इससे न केवल पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा, बल्कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड पर लिए जाने के बाद आरोपियों से पूछताछ कर यह जानकारी ली जाएगी कि हत्या की साजिश किसने रची थी। किन-किन लोगों की भूमिका इसमें थी और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या मकसद था।