देश में पर्व-त्योहार का समय चल रहा है। बस कुछ ही दिनों में दीपावली आने वाली है। वहीं, बिहार का सबसे बड़ा त्योहार छठ भी आने वाला है। इसको लेकर हर जगह यात्रियों की भीड़ रेल से सफर के लिए उमड़ती है। बड़ी संख्या में परिवार सहित दूसरे प्रदेश में नौकरी-पेशा करने वाले लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रबंधन स्पेशल ट्रेन या फिर ट्रेनों के फेरे में वृद्धि करता है।
इसी क्रम में 03309/03310 धनबाद-जम्मूतवी-धनबाद स्पेशल ट्रेन अब सप्ताह में 1 दिन की जगह 2 दिन चलेगी। इस बात की पुष्टि जन सम्पर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने की है। नए आदेश से पहले यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन ही चलाई जा रही थी। धनबाद-जम्मूतवी एक्स. स्पेशल मंगलवार और शनिवार को चलेगी
गाड़ी सं. 03309 धनबाद-जम्मूतवी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन अब 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक हर मंगलवार के साथ शनिवार को भी धनबाद से चलेगी। इसी तरह से गाड़ी सं. 03310 जम्मूतवी-धनबाद एक्सप्रेस स्पेशल 16 अक्टूबर से 01 दिसंबर तक हर बुधवार के साथ रविवार को भी जम्मूतवी से चलेगी। इससे बिहार-झारखण्ड के यात्रियों को लाभ मिलेगा। वे त्योहार के मौके पर आसानी से रेल से सफर कर अपने घर को आ सकेंगे। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि रेल प्रबंधन की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।




















