छपरा शहर बुधवार दोपहर दहल उठा, जब पुलिस लाइन (Chapra Police Line) जैसे संवेदनशील इलाके के पास बेखौफ अपराधियों ने दौड़ाकर एक अधेड़ व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने न केवल स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी अचानक आए, कुछ मिनटों तक पीछा किया और फिर अधेड़ के सिर में नजदीक से गोली दाग दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे।
भोजपुरी को संविधान में जगह दिलाने का संकल्प.. अमनौर से सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार गोली सीधे सिर में लगी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और एक रेलवे टिकट मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। समाचार प्रेषण तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में कई संभावित इलाकों में छापेमारी कर रही है। हत्या की वारदात जिस स्थान पर हुई है, वह पुलिस लाइन से कुछ ही दूरी पर है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की त्वरित जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






















