चतरा में पुलिस और नक्सलियों में भीषण मुठभेड़ हुई है। इसमें सदर थाना के दो जवान सिकंदर सिंह और सुकन राम शहीद हो गए हैं। जबकि आकाश सिंह नामक जवान को गोली लगी है। आनन-फानन में घायल जवान को सदर अस्पताल लाया गया है। गंभीर अवस्था को देखते हुए घायल जवान को रांची रेफर कर दिया गया है।
इस घटना में नक्सली को भी गोली लगने की सूचना है। सदर थाना और जोरी बॉर्डर पर बैरियो जंगल में हुआ मुठभेड़। गुप्त सूचना के आधार नक्सल विरोधी अभियान पर पुलिस निकली थी। घात लगा कर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग कर दी।
शहीद सुकन राम पीटीसी हजारीबाग में एएसआई प्रोमोशन ट्रेनिंग कर रहा था। हेमंत सोरेन के गिरफ्तारी के बाद आदिवासी संगठनों द्वारा आहूत एकदिन के झारखंड बंद के घोषणा के बाद प्रतिनियुक्ति पर चतरा आया था।
एसडीपीओ संदीप सुमन ने मीडिया को बताया कि अफीम विनष्टीकरण और नक्सल विरोधी अभियान पर निकले सुरक्षाबलों पर लौटने के दौरान घात लगा कर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग। प्रथम दृष्टया टीएसपीसी दस्ते पर मुठभेड़ को अंजाम देने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस और नक्सलियों में भीषण मुठभेड़ हुई है। हमारे जवानों ने जांबाजी से नक्सलियों का सामना किया है।
एसडीपीओ ने बताया कि वशिष्टनगर जोरी और सदर थाना की संयुक्त टीम वन विभाग के साथ अभियान में गई थी। नक्सलियों ने जोरी और सदर थाना के दो गाड़ियों पर एक साथ हमला बोला था। जिसमे वशिष्टनगर जोरी थाना के एक और सदर के एक जवान शहीद हुए हैं। शहीद सिकंदर सिंह गया, वजीरगंज निवासी सदर थाना और सुकन राम पलामू निवासी वशिष्टनगर थाना में तैनात थे। जबकि यूपी, भभुआ निवासी आकाश सिंह नामक जवान को गोली लगी है। आकाश सदर थाना के जवान हैं।
इधर नक्सलियों से मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस महकमें के अधिकारियों से मिलने डीसी अबू इमरान सदर अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने चिकित्सकों को ईलाज में हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया।




















