खरवार भोक्ता समाज विकास संघ ने बैठक कर झारखंड सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता को समाज से बहिष्कृत कर दिया गया। मंत्री सत्यानंद भोक्ता के खिलाफ कड़ी निंदा का प्रस्ताव लाया गया। जिसमें कहा गया कि मंत्री सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद का गलत उपयोग कर अपने पुत्र का विवाह जानबूझकर गैर समाज की लड़की से करवा रहे हैं। ऐसा कर मंत्री समाज का पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जो समाज के विरुद्ध एक चुनौती है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता अपने मंत्री पद का गलत प्रयोग कर समाज को हमेशा नुकसान पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। इसलिए समाज अपने सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप निर्णय लेते हुए मंत्री एवं मंत्री के पूरे परिवार को समाज की ओर से सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लेता है। सामाजिक निर्णय के तहत उनके घर परिवार से तालुकात नहीं रखा जाएगा।
समाज हर समाजिक कार्यों से समाज दूर रहेगा
मंत्री के घर मरनी, जीनी, शादी विवाह सहित हर समाजिक कार्यों से समाज दूर रहेगा। मंत्री सत्यानंद भोक्ता से समाज बेटी रोटी का कोई संबंध नहीं रखेगा। मंत्री के घर आयोजित कोई भी सामाजिक कार्यक्रम में जो भी समाज के लोग निर्णय के विरुद्ध जाएंगे, उसे भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। चतरा जिला समिति द्वारा की गई कार्रवाई समाज हित में उचित है। केंद्रीय समिति द्वारा इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए समाज के लोगों को इस निर्णय का पालन करने का निर्देश दिया जाता है।
महारैली कार्यक्रम को सफल बनाने का लिया गया निर्णय
बैठक में समाज की ओर से रांची में आयोजित खरवार भोक्ता स्वाभिमान सह आभार महारैली कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। महारैली को लेकर जोर शोर से तैयारी करने तथा चतरा जिले से 50 हजार की संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया।बैठक में जिला सचिव विजय कुमार गुप्ता जिला कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार भोक्ता कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र भोक्ता छोटू भोक्ता वासुदेव गंजू मार दी गंजों सहित सभी कई प्रखंडों के प्रखंड पदाधिकारी उपस्थित थे।
चाहे वह मंत्री हो या संतरी
खरवार भोक्ता विकास संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह भोक्ता ने कहा कि भोक्ता समाज मंत्री पद का विरोध नहीं कर रहा है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता के कृत्य का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी समाज में शादी विवाह के लिए एक व्यवस्था निर्धारित की गई है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता इस सामाजिक व्यवस्था को तोड़ रहे हैं। समाज के सभी लोग अगर इस तरह से गैर समाज में शादी करने लगेंगे तो ना तो समाज बचेगा और ना ही सामाजिक समरसता। इसलिए ऐसे कृत्य करने वालों का सामाजिक बहिष्कार होना जरूरी है। चाहे वह मंत्री हो या संतरी।
इसे भी पढ़ें : Chatra: तस्करी का योजना पड़ा भारी, अफीम के खेप के साथ तीन पकड़ाए
भोक्ता, मतलब सत्यानंद भोक्ता होता है: सत्यानंद भोक्ता
भोक्ता समाज की ओर से सामाजिक रूप से बहिष्कृत किए जाने पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि झारखंड में भोक्ता की पहचान सत्यानंद भोक्ता से हैं। भोक्ता का मतलब सत्यानंद भोक्ता होता है और वह स्वयं भोक्ता समाज के केंद्रीय अध्यक्ष हैं। भोक्ता समाज के प्रदेश अध्यक्ष साहेब राम भोक्ता हैं। जबकि जिलाध्यक्ष सरोज भोक्ता है। जो लोग उन्हें समाज से बहिष्कृत कर रहे हैं वे लोग स्वयं भोक्ता समाज से बहिष्कृत हैं। उनके शादी समारोह में भोक्ता सामाज के साथ साथ सभी समाज के लोग शामिल हो रहे हैं।
आठ को गिरिडीह में होगी शादी
मंत्री सत्यानंद भोक्ता के तृतीय सुपुत्र मुकेश भोक्ता की शादी गिरिडीह के प्रकाश बैठा की पुत्री रश्मि कुमारी के साथ हो रही है। पांच दिसंबर को लग्न की रस्म पूरी हुई। छह दिसंबर को मड़वा व हल्दी लेपन का कार्यक्रम भी संपन्न हो गया। सात दिसंबर को मंत्री सत्यानंद भोक्ता के पैतृक आवास कारी गांव में घृतढ़ारी एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया है। जबकि आठ दिसंबर को कारी गांव से गिरिडीह के लिए बरात निकलेगी। गिरिडीह के सीहोडीह में आशीर्वाद रिसोर्ट में शादी का कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री सत्यानंद भोक्ता के बेटे मुकेश भोक्ता के शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को सत्यानंद भोक्ता के पैतृक आवास कारी गांव पहुंचेंगे।