बिहार में पहली बार होने वाली 12 वीं नेशनल स्कूल चेस चैम्पियनशिप 2024 का ज्ञान भवन पटना में विधिवत उद्घाटन हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए प्रवीण कुमार थिप्से ने कहा कि पहली बार बिहार में हो रहे चेस के आयोजन को बिहार सरकार ,यहां के कुशल अधिकारियों और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से इतनी अच्छी तरह आयोजित किया गया है यह बहुत खुशी की बात है । यहां कुछ समय पहले ही बिहार स्कूल ऑफ चेस की स्थापना बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में की गई है जिससे चेस खिलाडियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने सम्बोधन में बिहार के खेल विभाग के प्रधान सचिव बी राजेंदर ने कहा कि इस प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों से 1000 से ज्यादा प्रतियोगी खिलाड़ी आयें हैं और सिर्फ बिहार से ही 250 खिलाड़ी हैं। आपको बता दें कि बिहार पहला राज्य है जहां खेल के लिए अलग विभाग की स्थापना की गयी है। बिहार के, एशियाई स्कूल के पूर्व विजेता रेयान मोहम्मद और निवर्तमान राष्ट्रीय स्कूल अंडर 7 वर्ग की चैंपियन अंकिता राज भी प्रतियोगी के रूप में शामिल हैं।




















