छपरा मंडल कारा (Chhapra Mandal Kara Raid) में बुधवार की अलसुबह अचानक हुई सघन छापेमारी ने जेल प्रशासन से लेकर कैदियों तक में भारी हड़कंप मचा दिया। प्रशासनिक टीम सुबह ठीक 5:15 बजे भारी पुलिस बल के साथ जेल परिसर पहुंची और करीब दो घंटे तक सभी 22 वार्डों की बारीकी से तलाशी ली गई। जिला पदाधिकारी अमन समीर के नेतृत्व में सदर एसडीओ, एसएसपी, एसडीपीओ और तमाम पुलिस अधिकारी इस अभियान में शामिल रहे। जेल के हर हिस्से में सघन जांच की गई, लेकिन छापेमारी समाप्त होने पर कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। यह अभियान सुबह 7:15 बजे समाप्त हुआ।
जेल अधीक्षक अमरजीत कुमार सिंह ने बताया कि यह छापेमारी जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले निरीक्षण का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जेल व्यवस्था को पारदर्शी, सुरक्षित और नियंत्रण में रखना है। उन्होंने कहा कि कैदियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने और जेल के अनुशासन को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। छापेमारी के दौरान कैदियों की सुरक्षा प्रणाली, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाएं और सफाई व्यवस्था का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया।
पटना के बेऊर जेल में सुबह-सुबह छापेमारी.. अनंत सिंह समेत कई वार्डों में चला सर्च ऑपरेशन
बताया गया कि जेल अधीक्षक के ज्वाइन करने के बाद यह लगातार तीसरी बड़ी छापेमारी है। इससे पहले भी दो बार निरीक्षण किया गया था, जिसमें किसी प्रकार की अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई। प्रशासन इसे सकारात्मक संकेत मान रहा है कि जेल के अंदर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत दिशा में अग्रसर है। वहीं छापेमारी के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए कोई जगह न रहे।
इस अभियान में डीएम, एसडीओ, एसएसपी के अलावा भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे, जिससे पूरे परिसर में सुरक्षा का कड़ा माहौल देखने को मिला।
(रॉकी सिंह बजरंगी)






















