बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जदयू पूरी तरह एक्शन में आ गई है। चुनाव में महिलाओं का वोट पार्टी की तरफ एकजुट करने को लेकर पार्टी ने एक बड़ा कार्यक्रम बनाया है। इसी को लेकर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला संवाद रथ को रवाना किया। यह संवाद रथ पूरे बिहार में जाएगा और महिलाओं के बीच जाकर इस संवाद रथ के माध्यम से नीतीश कुमार द्वारा किए गए महिला सशक्तिकरण के कामों को महिलाओं को बताया जाएगा।

बिहार के ग्रामीण विकास विभाग का यह कार्यक्रम है। 40 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ अहम माना जा रहा है। पूरे बिहार में यह कार्यक्रम लगभग दो महीने तक चलेगा। इस दौरान हर जिले में सरकार की ओर से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
महागठबंधन की मीटिंग के बाद भड़के मुकेश सहनी.. बोले- हम किसी के पीछे-पीछे नहीं घूमेंगे
बताया जाएगा कि सरकार उनके लिए क्या-क्या योजनाएं चला रही हैं। महिलाओं को कितना लाभ हो रहा योजनाओं का इसका फीडबैक भी लिया जाएगा। सूबे में दो महीने तक 70 हजार जगहों पर ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जगहों का चयन कर लिया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन सुबह और शाम में किया जाएगा।

नीतीश सरकार की कोशिश है कि ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ के जरिए करीब दो करोड़ महिलाओं तक पहुंच बनाई जाए। इस कार्यक्रम में सबसे अधिक जीविका दीदियां भाग लेंगी। सरकार का उद्देश्य इस कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम के तहत शराबबंदी, दहेज उन्मूलन, बाल विवाह निषेध, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रा पोशाक योजना, जीविका जैसी अनेक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वैसे यह कार्यक्रम चुनाव के मद्देनजर महिला वोटरों को साधने के नजरिए से भी देखा जा रहा है। बिहार में करीब 48 फीसद महिला वोटर हैं।