पटना में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में CAA और NRC को लेकर बेवजह डर और भ्रम का माहौल कांग्रेस और विपक्षी दलों ने फैलाने की कोशिश की। बिहार में SIR को लेकर राहुल गांधी ने वोट ध्रुवीकरण का प्रयास किया, जबकि राज्य की जनता वास्तव में तथ्यों को समझती है। चिराग ने कहा कि बिहारियों के साथ जब भी गलत हुआ है, उन्होंने चुपचाप सहा नहीं बल्कि जवाब दिया है। जब कुछ गलत हुआ ही नहीं, तो विरोध का सवाल कहां से उठता है?

मनरेगा को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी चिराग ने कांग्रेस को घेरा। उनका कहना था कि UPA सरकार के दौरान मनरेगा भ्रष्टाचार का माध्यम बन चुका था और अब केंद्र की सरकार इसे सुधारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसा विरोध पहले राम मंदिर निर्माण को लेकर हुआ, उसी पैटर्न में अब योजनाओं के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है। चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को न राम का नाम रास आता है और न गांधी का नाम हटाने के दिखावों से राजनीति सुधरेगी। वहीं कांग्रेस के इस दावे पर कि ‘जी राम जी’ योजना का बोझ राज्यों पर बढ़ा, चिराग ने पलटवार करते हुए पूछा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां वे सुधार क्यों नहीं करतीं? इतिहास इस बात का गवाह है कि सरकारें समय-समय पर योजनाओं के नाम बदलती हैं, इसमें राजनीति तलाशना अनुचित है।
खरमास बाद चिराग पासवान भी निकलेंगे बिहार यात्रा पर.. नीतीश कुमार से की मुलाक़ात
बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर लोजपा (रामविलास) भी सक्रिय दिख रही है। पार्टी के सांसद राजेश वर्मा बंगाल में पार्टी की भूमिका का आकलन कर रहे हैं और जल्द ही यह तय होगा कि पार्टी चुनाव लड़ेगी या NDA के साथ मिलकर रणनीति बनाएगी। चिराग ने दावा किया कि बंगाल और असम में NDA की सरकार बनने जा रही है और इसी दिशा में लोजपा अपनी ताकत आंक रही है। उन्होंने बताया कि संगठन के विस्तार के लिए बंगाल अध्यक्ष को बदला गया है और महीने के अंत तक कई बदलाव किए जाएंगे। वहीं खगड़िया के सांसद को बंगाल चुनाव प्रभारी की भूमिका दी गई है।
चिराग पासवान ने आगे बताया कि बिहार में चुनावी सफलता के बाद वे ‘आभार यात्रा’ पर निकलेंगे। खरमास खत्म होते ही यह यात्रा शुरू होगी और जनता के बीच जाकर सरकार और पार्टी की भविष्य की दिशा को साझा किया जाएगा। 15 जनवरी को लोजपा रामविलास की ओर से ‘दही-चूड़ा भोज’ आयोजित होगा, जिसकी तैयारी पार्टी स्तर पर शुरू हो चुकी है।
खरमास बाद बदलेगा लालू परिवार का ठिकाना.. पटना पहुंचते ही राजद सुप्रीमो देखने लगे नया घर
उत्तर प्रदेश में 5 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म पर चिंता जताते हुए चिराग पासवान ने कहा कि समाज में ऐसे अपराध शर्मनाक हैं और दोषियों को सबसे कठोर सजा मिलनी चाहिए ताकि ऐसा अपराध कोई दोहराने की हिम्मत न करे।
लोजपा रामविलास के सांसद समाधि चौधरी के सांसद फंड के खर्च नहीं होने के सवाल पर चिराग ने कहा कि वे पहले रिपोर्ट के आधार पर वित्तीय वर्ष के अंत में हिसाब लेते हैं और अगर फंड बचता है तो वह चिंता का विषय होता है। अभी वित्तीय वर्ष समाप्त होने में समय है, इसलिए इसे अनावश्यक रूप से मुद्दा बनाना सही नहीं।
राजद और कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए चिराग ने कहा कि इन दलों के भीतर असंतोष गहराता जा रहा है। तेजस्वी यादव विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल साबित हुए हैं, न सदन में दिखते हैं और न ही मीडिया से संवाद करते हैं। हार के बाद कारण बताने की बजाय वोट चोरी के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। चिराग ने कहा कि 2005 से ही राजद का यही हाल रहा है और नीतीश कुमार ने उन्हें राजनीतिक जीवनदान दिया, नहीं तो पार्टी का अस्तित्व मुश्किल में होता। विपक्ष को झूठ फैलाने के बजाय अपनी कमजोरी सुधारनी चाहिए।
नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग पर चिराग ने कहा कि यह निर्णय केंद्र सरकार का होगा लेकिन वे व्यक्तिगत रूप से इसका समर्थन करते हैं और मानते हैं कि लोगों की भावना भी यही है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए चिराग ने कहा कि बिहार में महिलाओं के लिए लाई गई योजनाएं स्वागत योग्य हैं, लेकिन कांग्रेस ने कभी अपने शासन में यूं सुधार नहीं किए। कांग्रेस डर फैलाकर और भ्रम पैदा करके राजनीति करती है, क्योंकि वे चुनाव में जनता का विश्वास नहीं जीत पातीं।
अंत में चिराग पासवान ने कहा कि वे चाहते हैं कि मजदूर और गरीबों तक सरकार की योजनाओं की सही जानकारी पहुंचे ताकि लाभ सीधे जनता तक जाए। असम और बंगाल में NDA सरकार बनने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन विस्तार के लिए कार्य कर रही है और जल्द ही कई नए जिम्मेदार पद पार्टी में दिए जाएंगे।






















