लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) खरमास के समाप्त होने के तुरंत बाद बिहार की व्यापक यात्रा पर निकलने वाले हैं, जिसे उन्होंने “आभार यात्रा” का नाम दिया है। यह यात्रा 2025 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए जनता को धन्यवाद देने और भविष्य की रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की जाएगी। पार्टी ने इसके लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की है और राजनीतिक मजबूती बढ़ाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

चिराग पासवान ने पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि महीने के अंत तक पार्टी की राष्ट्रीय समिति और संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव किए जाएंगे। इसके साथ ही बिहार में पार्टी नेतृत्व, जिम्मेदारियों और विधायकों की जवाबदेही को सुनिश्चित करने के लिए भी नई रूपरेखा तय की जा रही है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को पार्टी कार्यालय में दही चूड़ा भोज आयोजित किया जाएगा, जहां से इस यात्रा को और अधिक जोश के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
खरमास बाद बदलेगा लालू परिवार का ठिकाना.. पटना पहुंचते ही राजद सुप्रीमो देखने लगे नया घर
सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि खरमास के बाद विधानसभा और मंत्रिमंडल स्तर पर संभावित फेरबदल की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। बिहार में सियासी हलचल के बीच रविवार को सीएम नीतीश और चिराग पासवान में मुलाकात हुई। केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सुबह सुबह सीएम आवास पहुंचे। जहां उन्होंने सीएम नीतीश से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ लोजपा(रा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और मंत्री संजय पासवान भी मौजूद रहे।
नए साल में चिराग पासवान और सीएम नीतीश के बीच पहली मुलाकात हुई है। चिराग पासवान ने सीएम नीतीश को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर चिराग पासवान ने लिखा कि, “आज पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर नव-वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी”। बता दें कि खरमास के बाद संभवतः बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार भी होना है। ऐसे में यह मुलाकात अहम माना जा रहा है।






















