बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं और इस कड़ी में आज नीतीश कुमार ने को 21391 नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के तमाम वरिष्ठ मंत्री और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री, योजना एवं विकास मंत्री और पुलिस महानिदेशक भी मंच पर मौजूद थे।
नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा- आज बापू सभागार में 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुआ। सभी नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मेरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करेंगे। इससे राज्यवासियों को भी बेहतर और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित हो सकेगा। इसके लिए कुल 2 लाख 29 हजार से भी अधिक पदों का सृजन कर तेजी से पुलिसकर्मियों की बहाली की जा रही है। स्वीकृत बल के अनुरूप सभी पदों को इस साल के अंत तक भर दिया जाएगा। इससे राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और बिहार पुलिस बल में भी वृद्धि होगी।

वहीं नियुक्ति पत्र वितरण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार पुलिस में अब कुल 2.29 लाख कर्मी होंगे और जरूरत पड़ने पर इससे भी अधिक पदों पर बहाली की जाएगी। उन्होंने मंच से अधिकारियों को खड़ा कर कहा जल्दी बहाली करेंगे न? मुख्य सचिव, गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यह स्पष्ट संदेश था कि पुलिस बल में खाली पदों को शीघ्रता से भरा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में सिर्फ 42,481 पुलिसकर्मी थे। जब उनकी सरकार बनी तो उन्होंने यह संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
वहीं समारोह में शामिल उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस बल को सशक्त किया गया है। हर थाना को वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को ईमानदारी से काम करने और मुख्यमंत्री के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
बिहार: राजस्व विभाग में हड़कंप! 52 अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मंत्री संजय सरावगी का सख्त रुख
साथी ही उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस को पूर्ण स्वतंत्रता दी है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को इतनी छूट दी है। आज बिहार में गंभीर अपराधों में गिरावट आई है। महिला सशक्तिकरण के तहत पुलिस बल में महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।
वहीं बिहार के पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का आदेश है कि पुलिस विभाग ट्रिपल सी पर कम करें। जो आज नव नियुक्त नौजवान की बहाली हुई है वह अपने कार्यों को ईमानदारी से निर्वहन करें। मुख्यमंत्री के उम्मीद पर खरा उतरे, ताकि बिहार में सुशासन स्थापित हो सके।





















