मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने रविवार को पटना के पटेल भवन में आपदा प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राज्य के मौसम एवं बाढ़ की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उक्त मौके पर राज्य सरकार एवं आपदा प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

राज्य में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राज्यभर के हालात की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यह जाना कि किस जिले में कितनी बारिश हुई है, किन क्षेत्रों में स्थिति गंभीर है, कौन-कौन सी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और बाढ़ का खतरा किन जिलों में मंडरा रहा है।
मुख्यमंत्री ने तमाम अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन विभाग के साथ-साथ सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सचेत रहें। किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित तैयारी रखने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए हैं।