पटना में आज शहीद दिवस (Shahid Diwas) के अवसर पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम बिहार विधानसभा के समीप राजकीय समारोह के रूप में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी शहीदों को नमन किया।
अमर शहीद खुदीराम बोस : मुजफ़्फ़रपुर जेल के फांसी स्थल पर दी गई श्रद्धांजलि..
इसके पश्चात् राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सचिवालय प्रांगण स्थित शहीद पार्क में जाकर अमर ज्योति के समक्ष पुष्प चक्र अर्पित किया एवं स्वतंत्रता संग्राम के तमाम अमर शहीदों को नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन प्रस्तुत किया गया।

बता दें कि भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान, 11 अगस्त 1942 को बिहार विधानसभा के सामने अंग्रेजों की गोलीबारी में कई देशभक्त शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में हर वर्ष यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। मालूम हो कि, 1942 में सचिवालय पर देश का झंडा फहराने के क्रम में 7 नौजवान शहीद हुए थे। 7 नौजवानों में उमाकांत प्रसाद सिन्हा, देवीपद चैधरी, रामानन्द सिंह, सतीश प्रसाद झा, जगपति कुमार, राजेन्द्र सिंह व रामगोविंद सिंह शामिल थे। इस सभी शहीदों की मूर्ति पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।






















