मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोमवार को राजधानी पटना के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए मीठापुर-महुली फोरलेन एलिवेटेड रोड और पुनपुन सस्पेंशन ब्रिज समेत कई अहम परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा करें ताकि लोगों को यातायात में राहत मिल सके और जाम की समस्या से छुटकारा मिले।
मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत मुख्यमंत्री ने मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर से की, जहाँ उन्होंने परियोजना से जुड़ी तकनीकी जानकारियाँ अधिकारियों से प्राप्त कीं। बताया गया कि यह एलिवेटेड रोड सिपारा पुल के ऊपर से गुजरते हुए महुली तक जाएगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से यह उल्लेख किया कि इस सड़क के बन जाने से बाईपास और मुख्य शहर के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मीठापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बनने वाली सर्विस रोड से स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
तेजस्वी के संकल्प को लेकर चलेगा संपर्क अभियान.. जनता को बताएंगे 1990 से पहले और 17 महीने की सच्चाई
पुनपुन सस्पेंशन ब्रिज और घाट का निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला पुनपुन घाट की ओर बढ़ा, जहाँ उन्होंने सस्पेंशन ब्रिज के निर्माण कार्य और घाट सौंदर्यीकरण परियोजना की समीक्षा की। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस क्षेत्र का कायाकल्प हो गया है। वर्षों की उपेक्षा अब खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनपुन घाट तक अब लोग आसानी से पहुंच सकेंगे। पिंडदान करने वाले लोगों की हर सुविधा का ध्यान रखा गया है। यह क्षेत्र हमारे दिल के करीब है, और इसके विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
महुली में सर्विस रोड निर्माण का जायजा
निरीक्षण के अगले चरण में मुख्यमंत्री ने बिहटा-सर्मेरा पथ और पटना-गया-डोभी पथ के क्रॉसिंग प्वाइंट पर चल रहे सर्विस रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि इस नई लिंक से दोनों पथों के बीच सुगम ट्रैफिक फ्लो सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने इसके बाद पटना-गया पुराने पथ का भी मुआयना किया।