लगातार तीन दिन अपने नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक के बाद मिशन 2024 को लेकर JDU ने प्लान तैयार कर लिया। JDU की तरफ से नीतीश कुमार को विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने के लिए चुना गया है। बीते दिन हुई JDU राष्ट्रीय परिषद के बाद JDU के राष्ट्रीय महासचिव KC त्यागी ने इस बारे में जानकारी दी थी। विपक्ष को एकजुट करने का अभियान नीतीश कुमार आज से शुरू करने जा रहे हैं। जिसके लिए वो 3 दिवसीय दिल्ली दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। नीतीश कुमार आज दोपहर करीब 3:30 बजे चार्टेड प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। जहाँ वो विपक्षी पार्टी के नेताओं से मिलेंगे और 2024 की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। बता दें कि नीतीश कुमार के साथ ललन सिंह, संजय झा और अशोक चौधरी भी देल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
ऐसा रहेगा दिल्ली में पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम को दिल्ली पहुंचेंगे। वहाँ पहुंचेने के बाद वो सबसे पहले शाम को 6 बजे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास 6 कामराज लेन जाकर मुलाकात करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार कल यानि 6 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और लेफ्ट के नेताओं से मुलाकात करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार कुमारस्वामी, अखिलेश यादव और डी रजा से भी मुलाकात करेंगे। 7 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलकर उन्हें बधाई भी देंगे।




















