24 सितंबर को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पूरा दिन कैमूर और रोहतास की धरती पर विकास योजनाओं और राजनीतिक संदेशों से भरा रहेगा. चैनपुर से लेकर भभुआ और सासाराम तक, उनका दौरा योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास, संवाद और स्थलीय निरीक्षण से सजा रहेगा.सीएम नीतीश कुमार का दिन सुबह पटना आवास से हवाई अड्डा प्रस्थान के साथ शुरू होगा. चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बड़ी तकिया मौजा मदुरना पंचायत स्थित हेलिपैड पर उतरने के बाद वे सीधे मेडिकल कॉलेज की प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद उनका काफिला सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज, भभुआ पहुंचेगा, जहां योजनाओं के स्टॉल लगाए गए हैं।
यही पर मुख्यमंत्री जीविका दीदियों, पेंशनधारियों और अन्य लाभार्थी से संवाद करेंगे और फिर 1000 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जगजीवन स्टेडियम जाएंगे. यहां अब तक का सबसे बड़ा पंडाल लगाया गया है, जिसमें लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों से लेकर पंखे और कूलर तक की व्यवस्था की गई है. भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
यही पर मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और सरकार की योजनाओं का ब्यौरा देंगे. यह कार्यक्रम प्रशासन की तैयारियों और भीड़ जुटाने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है. इसे राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है. फरवरी में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं को अब धरातल पर उतारकर नीतीश कुमार यह संदेश देना चाहते हैं कि उनकी सरकार घोषणाओं को सिर्फ कागज पर नहीं छोड़ती






















