RANCHI : झारखंड राज्य सूचना आयोग में जल्द ही आयुक्तों की नियुक्ति की जायेगी, इसकी तैयारी चल रही है। दिसंबर माह के पहले सप्ताह में इस संबंध में बैठक की जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बैठक होगी, जिसमें मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए चयन किया जायेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिटायर्ड जज या रिटायर्ड वरीय IAS अधिकारी को मुख्य सूचना आयुक्त बनाया जा सकता है। इसके अलावा आठ सूचना आयुक्तों के रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की जायेगी।
कार्मिक विभाग की ओर से इसके लिए आवेदन मांगा गया है, जिसमें अब तक करीब 600 से अधिक आवेदन समाजसेवियों, पत्रकारों व अन्य बुद्धिजीवियों के प्राप्त हुए हैं। संभावना है कि इन आवेदनों में से ही किसी की नियुक्ति की जायेगी। बता दें कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से मुख्य सूचना आयुक्त सहित अन्य सूचना आयुक्त के पद रिक्त हैं। इस वजह से सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त आवेदनों की सुनवाई भी नहीं हो पा रही है, हजारों आवेदन पेडिंग हैं।




















