कोरोना के घटते मामलों को देखते हुए बिहार सरकार ने अपनी गाइडलाइन 14 फरवरी से बदलने का निर्णय लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना संक्रमण के ताजा हालात की समीक्षा की। इसके बाद निर्णय लिया गया कि 14 फरवरी से बिहार में COVID-19 के तहत लगी हुई पाबंदियां समाप्त कर दी जाएंगी।
बैठक के बाद हुआ निर्णय
बैठक के बाद CM नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति की आज समीक्षा की गई। कोरोना संक्रमण में लगातार आ रही कमी को देखते हुए 14 फरवरी से अगले आदेश तक सभी प्रकार के प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। अब कोविड अनुकुल व्यवहार एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुपालन के साथ सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होंगी। जिला पदाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकतानुसार प्रतिबंध लगाने हेतु अधिकृत किया गया है।
मास्क अब भी अनिवार्य
पाबंदियां हटाने के साथ CM नीतीश ने लोगों से अनुरोध किया है कि सावधानी बरतें तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। साथ ही घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें। इससे पहले छह फरवरी को राज्य सरकार ने समीक्षा कर बिहार में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, धार्मिक स्थल, मॉल सबको खोल दिया था। नाइट कर्फ्यू भी हटा दिया गया था। हालांकि आठवीं तक के स्कूल, सिनेमा घर में 50 फीसदी उपस्थिति का पालन करना था। वहीं शादी या अंतिम संस्कार में 200 लोगों को ही अनुमति दी गई थी। लेकिन अब नए गाइडलाइन्स में इन सभी पाबंदियों को समाप्त कर दिया गया है।