बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार में बाहर से लाए गए लाखों फर्जी मतदाता जिन्न के रूप में निकलते थे। चुनाव आयोग ने घुसपैठिए और विदेशी फर्जी मतदाताओं को निकाल बाहर किया है। जंगलराज के युवराज तेजस्वी यादव और राहुल गांधी लोगों को भरमाने में लगे हैं। मुशहरी प्रखंड के रोहुआ मध्य विद्यालय के सामने स्थित मैदान में सोमवार को वह एनडीए के बोचहां विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, चांदी का चम्मच लेकर जन्मे लोगों का समय लद गया है। एनडीए के पांचों दल भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो पंचामृत के समान हैं। बिहार में नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो चुका है। अपराधियों के खिलाफ बिहार पुलिस 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करती है।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि अराजकता फैलाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। बिहार में कानून का राज स्थापित करने का निर्देश शासन और प्रशासन को दिया जा चुका है। आज बिहार के सभी लाभुकों के खाते में सीधे राशि जाती है। खजाना लूटने वाले जेल के अंदर हैं। राजद और कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। बिहार की जनता जातीय उन्माद फैलने नहीं देगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि टिकट का निर्णय एनडीए के सभी घटक दलों का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। जिन्हें भी उम्मीदवार घोषित किया जाए, सभी लोगों को मिलकर जिताना है।






















