मुंबई पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती (IPS Deven Bharti) को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वे विवेक फनसालकर की जगह लेंगे, जो आज बुधवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। देवेन भारती फिलहाल मुंबई पुलिस में स्पेशल कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे और 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

देवेन भारती का नाम मुंबई पुलिस में एक अनुभवी और सख्त छवि वाले अफसर के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की जांच का नेतृत्व किया था, जो उनकी क्षमताओं का बड़ा प्रमाण माना जाता है। वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी अधिकारियों में गिने जाते हैं। जब फडणवीस पहली बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे, तब भारती मुंबई पुलिस में जॉइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) के पद पर थे।
“अमित शाह पहुंचे PM मोदी के आवास, CCS बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा पर होगी अहम चर्चा”
सरकार ने इस नियुक्ति से पहले एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसला लिया। पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से डीजी (डायरेक्टर जनरल) रैंक के अधिकारी ही मुंबई पुलिस कमिश्नर बनाए जा रहे थे, लेकिन इस बार सरकार ने इस पद का दर्जा घटाकर एडीजी (अतिरिक्त महानिदेशक) स्तर का कर दिया है, जिससे देवेन भारती की नियुक्ति संभव हुई। अगस्त 2025 में उनके डीजी रैंक में प्रमोशन की संभावना है और वे 2028 में सेवानिवृत्त होंगे।
बिहार के दरभंगा से ताल्लुक रखने वाले देवेन भारती ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर्स किया है। उन्होंने झारखंड से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की थी। मुंबई पुलिस में वे डीसीपी (जोन 7), डीसीपी (क्राइम ब्रांच), एडिशनल कमिश्नर (क्राइम ब्रांच) जैसे अहम पदों पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा वे राज्य के एटीएस चीफ और आईजी (लॉ एंड ऑर्डर) की भूमिका भी निभा चुके हैं।