अमरेंद्र कुमार सिंह को सिक्किम का नया DGP नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद बुधवार, 4 जनवरी 2023 को अमरेंद्र कुमार सिंह ने पदभार संभाल लिया। 1990 बैच के IPS अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह 4 जनवरी 2025 तक DGP के पद पर बने रहेंगे।
Bihar के अमरेंद्र कुमार सिंह बने सिक्किम के DGP
नागरिक हितों का संरक्षण ही प्राथमिकता

पदभार ग्रहण करने के बाद सिक्किम के नए DGP अमरेंद्र कुमार सिंह ने अपने मैसेज में कहा है कि दशकों से, सिक्किम पुलिस ने लगातार बेहतर काम करते हुए सफलतापूर्वक देश में खुद के लिए एक जगह बनाई है। हम पुलिसिंग मानकों में एक बेंचमार्क संस्थान के रूप में उभरे हैं। यह हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि हम खुद को नागरिक हितों के जिम्मेदार संरक्षक के रूप में पेश करें।
सक्षम वातावरण बनाने का आश्वासन
नए DGP अमरेंद्र कुमार सिंह ने अपने सहयोगियों से कहा है कि आपकी जिम्मेदारियों के पेशेवर निर्वहन के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने का आश्वासन देता हूं। हम साथ मिलकर समाज के प्रति अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में सक्षम होंगे। साथ ही संगठन के भीतर एक ऐसी संस्कृति का निर्माण करेंगे, जो हमारे लिए संतोषजनक हो और संगठनात्मक लक्ष्यों को पूरा करे।
मूल रूप से बिहार के निवासी हैं अमरेंद्र कुमार सिंह
1990 बैच के IPS अमरेंद्र कुमार सिंह जाने माने अधिकारी हैं। डीजीपी बनने से पहले वे सिक्किम विजिलेंस पुलिस के निदेशक के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले CBI में भी उन्होंने लंबे वक्त तक काम किया है, जो काफी सराहनीय रहा है। अमरेंद्र कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। उनका पैतृक गांव पटना में लखनपार है।