मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra Health News) की सेहत को लेकर मंगलवार सुबह अचानक सोशल मीडिया पर उनके निधन की खबरें वायरल हो गईं। कुछ मीडिया चैनलों और ऑनलाइन पोर्टलों ने बिना पुष्टि के यह दावा कर दिया कि 89 वर्षीय अभिनेता का निधन हो गया है। लेकिन जल्द ही परिवार की ओर से इस खबर को साफ तौर पर झूठा बताया गया।
धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से बयान जारी करते हुए कहा कि “मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सब लोगों से निवेदन करते हैं कि परिवार की निजता का सम्मान करें और उनकी जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करें।”

धर्मेंद्र की पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी जिम्मेदार मीडिया हाउस को बिना पुष्टि के ऐसी झूठी खबरें नहीं चलानी चाहिए। “जो हो रहा है वह माफ करने लायक नहीं है। यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है,” उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा।

दरअसल, सोमवार देर रात धर्मेंद्र को अचानक सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर नहीं होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों ने बताया कि अगले 72 घंटे उनके लिए बेहद अहम हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल नियंत्रण में है और इलाज पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
मीडिया में निधन की झूठी खबरें फैलने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गलती से सोशल मीडिया पर शोक संदेश पोस्ट कर दिया था, जिसे बाद में हटा लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर मीडिया एथिक्स और फेक न्यूज के खतरे पर बहस को जन्म दे दिया है।
बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण में जनता का जोश हाई.. NDA नेताओं में जीत का भरोसा
देओल परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र की बेटियों को विदेश से मुंबई बुलाया गया है। वहीं बेटे सनी देओल और बॉबी देओल लगातार अस्पताल में मौजूद हैं। सनी देर रात मीडिया कैमरों के सामने भावुक नजर आए। बॉबी ने अपनी फिल्म ‘अल्फा’ की शूटिंग बीच में छोड़कर पिता से मिलने मुंबई वापसी की।
सोमवार देर रात कई बड़े बॉलीवुड सेलेब्स जैसे शाहरुख खान, सलमान खान, जावेद अख्तर और राकेश रोशन भी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे और धर्मेंद्र की सलामती की दुआ की। फिलहाल अस्पताल प्रशासन और परिवार की ओर से यही अनुरोध किया गया है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। धर्मेंद्र अब भी इलाज के अधीन हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार “Get Well Soon Dharam Paaji” ट्रेंड चला रहे हैं।




















