बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच जुबानी सियासत तेज हो गई है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। दरअसल, लालू यादव ने पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि लालू यादव के रहते भारतीय जनता पार्टी कभी भी बिहार में सरकार नहीं बना पाएगी। अब उसी को लेकर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्व विभाग के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि लालू यादव कोई तांत्रिक नहीं है जो जादू टोना कर देंगे। उनकी कहानी खत्म हो चुकी है।
बिहार चुनाव पर अठावले का बड़ा दावा, लालू के ‘सपने’ पर बोले केंद्रीय मंत्री
वहीं तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में फ्री बांटने वाले गुरु अरविंद केजरीवाल का सफाया हो गया। अब वही हाल बिहार में उनके चेले तेजस्वी यादव का होगा। क्योंकि, बिहार की जनता को पीएम मोदी की गारंटी में विश्वास है। पूरे देश में अब भारतीय जनता पार्टी का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी ही पूरे देश में गूंज रही है।
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे पर कांग्रेस में फूटा मतभेद
बता दें कि बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। क्षेत्रीय दल इस तरह की बात करेंगे तो हम जवाब देना उचित नहीं समझते हैं। अगर उन्हें हमारी ताकत देखनी है तो वे हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावी परिणाम देख सकते हैं।
महाकुंभ में राहुल-प्रियंका की आस्था की डुबकी
दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश की संस्कृति, विरासत और विचारधारा को सिर्फ एनडीए ही जीवित रख सकता है। जिन मुगलों ने हमारी बहु-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया, उनके नाम पर मुगलसराय रेलवे स्टेशन नहीं चल सकता है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर स्टेशन चलेगा। देश का युवा संस्कृति, विरासत और विचारधारा वाली सरकार चाहता है। देश के अंदर मोदी की गारंटी है। भारत विश्वगुरु बनेगा और यह सपना पूरा होगा। क्योंकि भारत इस ओर आगे बढ़ चुका है।