महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा और उपचुनावों के प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम को सभी जगहों पर प्रचार का शोर थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज सभी दलों के नेता पूरे दमखम से प्रचार करेंगे। महाराष्ट्र में विधानसभा की की 288 सीटों हैं, जिन पर 20 नवंबर को वोटिंग होनी है और 23 नवंबर को रिजल्ट जारी किया जाएगा।
भाजपा के स्पेशल चार्टर विमान से महाराष्ट्र पहुंचे चिराग पासवान… कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे. ठाणे, सोलापुर और अहमदनगर में नड्डा जनसभाओं को संबोधित करेंगे और बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की आज गोंदिया और नागपुर में रैलियां हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। एमपी के सीएम मोहन यादव ने महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनने का दावा किया।
झारखंड में 38 सीटों पर वोटिंग
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग 20 नवंबर को होगी। आज इन सीटों पर प्रचार थम जाएगा और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच असम के मुख्यमंत्री व बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा आज 3 जनसभा को संबोधित करेंगे। ये सभाएं मांडू, टुंडी और चंदनकियारी में होंगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान महेशपुर और बोकारो में रोड शो करेंगे। साथ ही साथ बरहेट और धनबाद में जनसभाएं करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जामताड़ा में रोड शो करेंगे औक झरिया और धनबाद, बेरमो में जनसभा करेंगें।
कहां-कहां उपचुनाव?
15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होने हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीट पर वोटिंग करवाई जाएगी, जिसमें गाजियाबाद, मझवां, खैर, मीरापुर, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी, करहल और कुंदरकी शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब की डेरा बाबक नानक, छब्बेवाल, गिद्दड़बाहा और बरनाला सीटें हैं। इसके अलावा केरल की पलक्कड़ और उत्तराखंड की केदारनाथ सीट है। वहीं, महाराष्ट्र के नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर आज प्रचार थम जाएगा।