पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में नरकटियागंज थाना क्षेत्र के कोइरगांवा इलाके में पुलिस ने शनिवार सुबह एक ट्रक से 503 कार्टून (कुल 4437 लीटर) विदेशी (अंग्रेजी) शराब जब्त की थी। यह शराब पाइपों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी और इसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। इस सफल कार्रवाई के लिए शुरुआत में बेतिया पुलिस की जमकर तारीफ हो रही थी, क्योंकि बिहार में शराबबंदी के सख्त नियमों के बीच यह एक बड़ी बरामदगी थी।
लेकिन अब मामला उल्टा पड़ गया है। शराब जब्त होने के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें ट्रक के अंदर बैठा एक व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दिख रहा है। वीडियो में वह अपना नाम राजेश कुमार बताता है और शराब से लदे ट्रक व उसके चालक को छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की कथित डील करता नजर आ रहा है। वीडियो में सौदेबाजी खुलेआम हो रही है, जिसमें ट्रक मालिक या चालक तरफ से 3 लाख रुपये देने की बात भी कही गई है।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की साख पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कुछ रिश्वत लेकर ट्रक और शराब को छोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन मामला उजागर हो गया। रामनगर थाने में डायल 112 पर तैनात बताए जा रहे राजेश कुमार को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि तस्कर नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है।






















