RANCHI : डीसी रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आज 6 जुलाई को कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय में नामांकन हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय व झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय में नामांकन हेतु विचार-विमर्श किया गया। समिति द्वारा इस सत्र में नामांकन के लिए प्रस्तावित सूची का अवलोकन करने का निर्णय लिया गया ताकि अनुपस्थित प्रतिनिधिगण भी सूची से अवगत हो सके।
बैठक में उपस्थित सांसद/विधायक प्रतिनिधि को अपने स्तर के प्रतिनिधि के साथ विचार कर आवश्यक सुधार के साथ सूची अगली बैठक में रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही कहा गया कि कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय से दूर रहनेवाली बालिकाओं, जिनके माता-पिता या माता-पिता में से एक की कोविड-19 से मृत्यु हुई हो और वे आर्थिक रुप से कमजोर बच्चे हो तो उन्हें नामांकन में प्राथमिकता दी जाएगी।
ये रहे मौजूद
समाहरणालय ब्लॉक A स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में माननीय सांसद/विधायक के प्रतिनिधिगण, जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रांची, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी/अवर विद्यालय निरीक्षक, रांची, कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, रांची जिला के सभी वार्डन एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।




















