जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बहुत से मीडिया वाले सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ हैं। ललन यहीं नहीं रुके बल्कि ये भी कह दिया कि दारु नहीं मिलने से मीडिया वाले परेशान हैं। सीएम जनता को देखें या आपकी मौजमस्ती देखें। ललन सिंह के इस बयान में वो हताशा दिख रही है, जिसमें वे इस बात को डिफेंड नहीं कर पा रहे हैं कि उनकी पार्टी के कार्यकाल में रहस्यमयी मौत हुई है। वे यह भी डिफेंड नहीं कर पा रहे हैं कि बीच राजधानी में उनका कोई अधिकारी छात्रों को मारने की हद तक पीट देता है और वे अब तक कार्रवाई नहीं कर सके हैं।
हर जिले में हुई हैं मौतें, सरकार खामोश
अब बात करते हैं बिहार के हालत की। ज्यादा पुराने रिकॉर्ड में नहीं जाते हैं लेकिन अभी होली के आसपास छह जिलों में 40 लोगों की मौत हो गई। भागलपुर, बांका, मधेपुरा, बक्सर, सिवान व शेखपुरा में मरे इन 40 लोगों में से कईयों की आंखों की रोशनी चली गई है। चर्चा शुरू हुई कि जहरीली शराब पीने से इन लोगों की मौत हुई है। लेकिन सीएम नीतीश कुमार ने यह कह दिया कि पियोगे तो मरोगे ही। लेकिन उन्होंने यह कभी नहीं बताया कि शराब आखिर आ कैसे रही है।




















