बिहार के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान में बिहार विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी ने दूसरी शादी कर ली है। 63 वर्षीय आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में गिने जाते हैं। शादी के बाद आज पटना के अनीसाबाद स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल में उनके रिसेप्शन (दावत-ए-वलीमा) का आयोजन किया गया, जिसमें खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।
पहली पत्नी का 2022 में हुआ था निधन
आमिर सुबहानी की पहली पत्नी डॉ. सादिका यासमीन का 2022 में निधन हो गया था। 45 वर्षीय डॉ. यासमीन की मौत सीढ़ी से गिरने के कारण हुई थी। उनके दो बच्चे – एक बेटा और एक बेटी हैं।
बच्चों की सहमति से हुई दूसरी शादी
बताया जा रहा है कि आमिर सुबहानी ने यह शादी अपने बच्चों की सहमति से और सादगी के साथ की। इसी हफ्ते उनका निकाह संपन्न हुआ है। रिसेप्शन समारोह में राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक जगत के चुनिंदा लोगों को आमंत्रित किया गया है।