प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अखिलेश प्रसाद सिंह पहली बार पटना पहुंचे। पत्रकारों के सवालों का जवाब वह बहुत सीधे तरीके से दे रहे थे। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कह दिया हमसे ज्यादा अनुभवी और एनर्जेटिक लोगों को कांग्रेस आगे कर रही है। अध्यक्ष बना रही है, प्रभारी बना रही है, इसमें कोई दिक्कत की बात नहीं है। हम लोग मिलकर के कांग्रेस के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बदलना तो रूटीन काम है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कांग्रेस मजबूत है, आने वाले चुनाव में मजबूती से लड़ेंगे। हम भी जोश खरोश से काम करेंगे पार्टी के लिए।
लालू प्रसाद यादव से नजदीकी होने के कारण प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लालू यादव से हमारा संबंध वर्षों का है और रहेगा। वह हमारे अभिभावक हैं। उन्होंने हमें विधानसभा का टिकट दिया, लोकसभा का टिकट दिया, मंत्री बनाया, इसमें कहीं कोई दूसरी बात ही नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने एंट्री के साथ ही बढ़ाई RJD की टेंशन
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के साथ अनमन की बात पर उन्होंने कहा कि मेरा उनसे संबंध अच्छा है। मेरा उनसे कोई जमीनी विवाद का संबंध नहीं है। इसीलिए इन सब चीजों का कोई कारण नहीं हो सकता। कांग्रेस ने आपको अध्यक्ष पद से क्यों हटाया, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हमसे अनुभवी लोगों को कांग्रेस आगे कर रही है यह अच्छी बात है।
मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रगान का अपमान किए जाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की स्थिति क्या है सब जानते हैं। ऐसा पहली बार नहीं है. वो कई बार ऐसा कर चुके हैं। उनको लगेगा तो वह इस्तीफा देंगे इससे ज्यादा क्या कहा जा सकता है।