पूर्व विधानसभा पार्षद और भाजपा नेता रणबीर नंदन ने पटना साहिब लोकसभा अंतर्गत दीघा विधानसभा के बूथ संख्या 387(रामलखन सिंह यादव कॉलेज,अनिशाबाद) में अपनी पत्नी नम्रता के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि पटना साहिब के सभी सम्मानित वोटरों से आग्रह है कि सपरिवार अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदान कर रविशंकर प्रसाद जी को भारी मतों से जीत दिलाएं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है। लास्ट फेज में बिहार की 8 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। पटना साहिब में अब तक 10.84% और पाटलिपुत्र में अबतक 14.27% मतदान हुआ है। आम से लेकर खास तक सभी लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साह से भाग ले रहे हैं।
सातवें चरण के लोकसभा चुनाव में 8 सीटों पर कुल 134 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 12 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 1 जून को इन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला लेने वाले हैं। चुनाव आयोग की जानकारी के अनुसार कुल एक करोड़ 62 लाख 4594 मतदाता हैं।
अंतिम चरण के मतदान में पटना साहिब से पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, काराकाट से पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और आरजेडी से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती के भाग्य का फैसला होना है।




















