रांची: गुरूवार शाम को रांची के कांके रोड में चांदनी चौक के पास रात में आठ बजे अपराधियों ने कांग्रेस पार्टी के नेता एवं वार्ड संख्या एक के अध्यक्ष राजेश मुंडा को गोली मार दी। गोली राजेश मुंडा को जांघ और घुटना के नीचे लगी। बाइक पर आए हमलावरों ने नेता को निशाने पर लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग कज फरार हो गये. वहीँ इस हमले में घायल राजेश को ईलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बता दें अस्पताल में उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। बता दें पीड़ित राजेश मुंडा कांके रोड के चंदवे बस्ती के रहने वाले हैं। सड़क पर हमले की सूचना पर मुख्यालय वन के डीएसपी अमर पांडेय और सदर डीएसपी संजीव बेसरा पहुंचे और घटनास्थल की जांच पड़ताल की। वहीँ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजेश मुंडा कांके रोड मुख्य मार्ग पर चंदवे जतरा टांड़ के पास खड़े थे। तभी मोटरसाइकिल से दो अपराधी पहुंचे और उन पर पिस्टल से गोली चलाई। और फरार हो गये अपराधी द्वारा चलाई गई गोली में से दो उनके जांघ एवं घुटने में जा धंसी। इसके बाद वे सड़क पर गिर गये। इसी दौरान हमलावर मौके से भाग निकले।
सरेशाम राजधानी के व्यस्त मार्ग पर हुए इस गोलीकांड के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना से सहमे आसपास के संचालकों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिये। वहीँ इस मामले की जानकारी होने के बाद कांके थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अपराधियों के हुलिया के आधार पर हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाके में छापामारी की, लेकिन तत्काल कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इधर कांग्रेस नेता पर हमले की जानकारी होने के बाद कांग्रेस पार्टी के नेता सुरेश बैठा, कार्यकर्ता समेत अन्य के साथ रिम्स पहुंचे और डॉक्टरों से उनका कुशल क्षेम जाना। इधर, रिम्स में पुलिस ने भी जख्मी राजेश से घटना के संबंध में पूछताछ की।
बताते चलें कि रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ने पार्टी के नेता राजेश मुंडा पर हुए गोली चालन की घटना की निंदा की है और पुलिस अधिकारियों से हमलावरों एवं षड्यंत्रकारियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इस घटना को लेकर आपसी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है बहरहाल, पुलिस गोली चलाने की घटना के पीछे के सही कारण एवं साजिशकर्ता के संबंध में छानबीन कर रही है।