जनता दल यूनाइटेड पूरी तरह भाजपा मुक्त देश के अभियान में जुटी है। नीतीश कुमार ना-ना कर रहे हैं लेकिन उनकी पार्टी की पूरी कोशिश है कि वे विपक्ष के पीएम उम्मीदवार 2024 में बन जाएं। लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि जदयू अपनी ही पार्टी नहीं संभाल पा रही। अरुणाचल प्रदेश में जदयू का पहले ही सफाया हो चुका था, अब मणिपुर में भी वैसी ही हालत हो गई है।

पांच विधायक भाजपा में शामिल
जदयू संगठन के स्तर पर कई महत्वपूर्ण फैसले लेने वाला है। शनिवार, तीन सितंबर को जदयू के बिहार प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी, दोनों की बैठक होने वाली है। लेकिन उससे पहले ही पार्टी को बड़ा झटका लग गया है। मणिपुर में पार्टी के 5 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अचब उद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक एल एम खाउटे और थांगजाम अरूण कुमार शामिल हैं।
छह विधायक थे जदयू के पास
मणिपुर विधानसभा सचिवालय द्वारा इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने संबंधी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। पार्टी के पास मणिपुर में कुल 6 विधायक थे। लेकिन अब पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इससे पहले 24 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायक तेकी कासो ने भाजपा में एंट्री कर ली थी। जबकि कुल जीते सात विधायकों में से छह पहले ही भाजपा में जा चुके थे।




















