राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय नहीं होने के कारण कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार हवा का रुख बदलने के कारण तापमान अपने सामान्य से दो से तीन डिग्री ऊपर बना हुआ है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पहाड़ों पर बर्फबारी रुकने से ठंडी हवाओं का प्रवाह कम हुआ है। धूप निकलने से तापमान बढ़ रहा है।
इन जिलों में कोहरे की चेतावनी
IMD ने भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, बांका और जमुई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। राज्य के बाकी जिलों में भी कोहरा छाया रहेगा। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह-शाम घर से निकलते समय सावधानी बरतें। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चलाते समय विशेष ध्यान रखें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें। खुले में ज्यादा देर तक न रहें। बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखें।
कटिहार में देर रात सड़क दुर्घटना में तीन युवक की मौत… तेज रफ़्तार ट्रैक्टर से बाइक की हुई टक्कर
डेहरी का तापमान सबसे कम
रविवार को जमुई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। फारबिसगंज और खगड़िया में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। रोहतास के डेहरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सीतामढ़ी में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में खास बदलाव नहीं
IMD के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। एक-दो डिग्री का उतार-चढ़ाव हो सकता है। लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी ही रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक जेट स्ट्रीम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। इसकी वजह से राज्य के सभी जिलों में दिन में धूप रहेगी। मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। अगले तीन-चार दिनों तक सभी जिलों में कोहरा छाया रहेगा। लेकिन शीतलहर जैसी ठंड नहीं पड़ेगी।




















