बिहार की राजनीति में सादगी की मिसाल माने जाने वाले ‘ऑटो और हवाई चप्पल’ वाले विधायक गौतम कृष्ण (Gautam Krishna) एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। इस बार वजह उनकी सादगी नहीं, बल्कि हवाई जहाज से की गई दिल्ली यात्रा है। सहरसा के महषी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले गौतम कृष्ण जब दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां मौजूद पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और सवालों की बौछार शुरू हो गई।
गौतम कृष्ण की पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि की रही है जो अक्सर ऑटो से सफर करते हैं, साधारण कपड़ों में नजर आते हैं और खुद को ‘हवाई चप्पल वाला विधायक’ कहे जाने पर भी मुस्कुरा देते हैं। लेकिन जब यही विधायक दिल्ली की यात्रा हवाई जहाज से करके लौटे, तो सवाल उठना लाजमी था कि क्या ऑटो से सफर करना सिर्फ दिखावा है। इसी सवाल ने एयरपोर्ट पर माहौल गर्म कर दिया।
पत्रकारों के सवाल पर गौतम कृष्ण पहले असहज दिखे, फिर पलटकर सवाल करने लगे कि आखिर दिल्ली जाना हो तो क्या पैदल जाएं या ऑटो से जाएं। उनके इस जवाब में नाराजगी भी झलकी और व्यावहारिक मजबूरी भी। बातचीत आगे बढ़ी तो जब उनसे कहा गया कि ट्रेन से भी यात्रा की जा सकती थी, तो उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली में जरूरी काम था और समय की कमी के चलते हवाई यात्रा करनी पड़ी। उनका तर्क था कि कम समय में काम निपटाना हो, तो फ्लाइट से जाना मजबूरी बन जाती है।
बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा आरोप..बोले- फर्जी वोटिंग का खेल उजागर होने से विपक्ष बेचैन
गौतम कृष्ण यहीं नहीं रुके। उन्होंने पत्रकारों को भी सलाह दे डाली कि समय की कीमत समझिए और आप लोग भी हवाई यात्रा किया कीजिए। उनके इस बयान को कुछ लोग व्यंग्य के तौर पर देख रहे हैं, तो कुछ इसे एक व्यावहारिक नेता की सोच बता रहे हैं, जो आधुनिक जरूरतों को स्वीकार करने से नहीं हिचकता।
राजनीतिक सफर की बात करें तो गौतम कृष्ण कोई साधारण नेता नहीं हैं। वे पहले सरकारी अधिकारी रह चुके हैं और सुरक्षित नौकरी छोड़कर राजनीति में आए। दो बार असफलता झेलने के बाद तीसरे प्रयास में उन्होंने सहरसा के महषी से विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की। खास बात यह है कि जिस चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को बिहार में करारी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी 25 सीटों तक सिमट गई, उसी चुनाव में गौतम कृष्ण की जीत उन्हें अलग पहचान देती है।
उनकी सादगी हमेशा चर्चा में रहती है। कभी वे ऑटो से विधानसभा पहुंच जाते हैं, तो कभी ऑटो से ही आरजेडी कार्यालय की बैठक में शामिल होते दिखते हैं। उनका पहनावा भी लगभग हमेशा एक जैसा रहता है—लाल शर्ट, नीली बंडी, हरे रंग का गमछा और लाल रंग की हवाई चप्पल। यही छवि उन्हें आम लोगों से जोड़ती है और सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक चर्चा का विषय बनाती है।






















