केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh Big Attack) ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा न्यायपालिका के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को लेकर राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार अविश्वास फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कभी न्यायाधीशों पर सवाल उठाते हैं, कभी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर हमला करते हैं और कभी वोट चोरी का आरोप लगाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करते हैं। उनके अनुसार यह व्यवहार जनता को भ्रमित करने और राजनीतिक जमीन बचाने की रणनीति है, जो अब बेनकाब हो चुकी है।
गिरिराज सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी को वास्तव में अपनी जीत पर भरोसा है तो जहां-जहां कांग्रेस की सरकार बनी है, उन राज्यों की विधानसभा तुरंत भंग कर दोबारा चुनाव की घोषणा कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तब साबित होगा कि कांग्रेस को जनता का असली जनादेश मिला है, वरना “मीठा-मीठा गप, कड़वा-कड़वा थू” वाली राजनीति नहीं चलने वाली। सिंह के मुताबिक जनता सब देख और समझ रही है तथा राजनीतिक दोहरेपन को कभी माफ नहीं करेगी।
राहुल गांधी के सवालों पर क्यों बौखलाई भाजपा..? RJD-Congress नेताओं ने दिया जवाब
बंगाल में बाबरी मस्जिद की कथित नींव रखे जाने के मुद्दे पर भी गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि यह पूरी घटना तृणमूल कांग्रेस की सोची-समझी राजनीतिक चाल है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की राजनीतिक ध्रुवीकरण को और तेज करना है। गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी इस पूरे विवाद के पीछे हैं, लेकिन जनता भ्रमित नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और राज्य में वर्षों से फैले राजनीतिक अव्यवस्था का सफाया हो जाएगा।






















