बिहार में लोकसभा चुनाव के अंतिम एवं सातवें चरण की 8 सीटों पर सख्त सुरक्षा इंतजाम के बीच मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक कुल वोटिंग 35.65% हुई है। सबसे ज्यादा पाटलिपुत्र में मतदान हो रहे हैं। यहां राजद की प्रत्याशी मीसा भारती का मुकाबला दो बार के सांसद रामकृपाल यादव से हो रहा है। वहीं अलग-अलग सीटों की बात करें तो दोपहर 1 बजे तक पटना साहिब में 29.22%, पाटलिपुत्र में 40.48%, आरा में 33.06%, बक्सर में 37.79%, सासाराम में 37.12%, काराकाट में 39.53%, जहानाबाद में 36.66%, नालंदा में 32.94% मतदान हुआ है। पोलिंग बूथ पर लंबी-लंबी कतारे लगी हैं।
इस बार पाटलिपुत्र लोकसभा में कुल 2159 मतदान केंद्र बनाया गया है, जबकि मतदाताओं की संख्या लगभग 20 लाख बताई जा रही है। सभी मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। पटना जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद है। सभी भूतों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। एक तरफ जहां शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन की ओर से पूर्ण तैयारी की गई है। वहीं मतदाता भी इस कड़ाके की धूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से पीछे नहीं हो रहे हैं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है। लास्ट फेज में बिहार की 8 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। सातवें चरण के लोकसभा चुनाव में 8 सीटों पर कुल 134 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 12 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 1 जून को इन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला लेने वाले हैं। चुनाव आयोग की जानकारी के अनुसार कुल एक करोड़ 62 लाख 4594 मतदाता हैं।
वोटिंग के बीच बोले उपेन्द्र कुशवाह… पूरे क्षेत्र से अच्छी खबर आ रही है, हम 40 सीट जीत रहे हैं
अंतिम चरण के मतदान में पटना साहिब से पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, काराकाट से पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और आरजेडी से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती के भाग्य का फैसला होना है।




















