सुप्रीम कोर्ट ने आर्टिकल 370 निरस्त किए जाने के समर्थन में ही फैसला दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान है।” चीफ जस्टिस ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को प्रक्रिया में कोई खामी नहीं दिखती है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार द्वारा आर्टिकल 370 निरस्त किए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। जिसके बाद इसपर अलग-अलग पार्टी के नेताओं के द्वारा प्रतिक्रिया दी जा रही है। कुछ विपक्षी नेता कोर्ट के फैसले का स्वागत कर रहे है वहीं कई नेता इस फैसले को चुनौती देने की बात कर रहे है। इसको लेकर लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कोर्ट के फैसले का जहां स्वागत किया है वहीं, विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा है।
आर्टिकल 370: सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर I.N.D.I.A में टकराव, अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
हमने पहले भी किया था केंद्र के फैसले का समर्थन
चिराग पासवान ने कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हमें इसी तरह के फैसले के आने की उम्मीद थी। सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला सुनाया है उससे हमें खुशी है। विपक्ष के नेता अनुच्छेद 370 पर सरकार के फैसले पर बार-बार सवाल उठा रहे थे लेकिन हम लोगों ने हमेशा इस फैसले का समर्थन किया है। सदन में जब इस प्रस्ताव को लाया गया था तब पार्टी का स्टैंड रखते हुआ हमने इसका समर्थन किया था। उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार जल्द से जल्द वहां चुनाव कराने के लिए कदम उठाएगी।




















