राज्य सरकार ने सोनपुर में पूर्वी भारत का पहला और देश का पांचवां सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना बिहार की एयर कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।सारण जिले के सोनपुर क्षेत्र में प्रस्तावित यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट नवी मुंबई और नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां दरियापुर चंवर इलाके में NH-19 (सोनपुर-छपरा फोरलेन) के उत्तर और गंडक नदी के पूर्व में यह एयरपोर्ट बनेगा.
सोनपुर एयरपोर्ट का रनवे करीब 4200 मीटर लंबा बनाने की योजना है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा। इस रनवे पर बड़े-बड़े यात्री विमान और कार्गो विमान आसानी से उतर सकेंगे।सरकार की योजना के अनुसार यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स की सूची में शामिल होगा, जिसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट पहले से मौजूद हैं। एयरपोर्ट तक बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए राजधानी पटना से जोड़ने के लिए दो नए छह लेन पुल बनाए जा रहे हैं।
सोनपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने के बाद यहां 24 घंटे विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे लाखों यात्रियों को सीधी हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे आने वाले वर्षों में बिहार देश के प्रमुख एयर नेटवर्क राज्यों में शामिल हो सकता है। सोनपुर एयरपोर्ट परियोजना बिहार के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है






















