गुजरात दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन (Nitin Navin) ने अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन से कांग्रेस और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस को “इटालियन कांग्रेस” बताते हुए कहा कि आज की कांग्रेस आजादी के दौर वाली पार्टी नहीं रही, बल्कि नकारात्मक राजनीति और अर्बन नक्सल विचारधारा का केंद्र बन चुकी है।
नीतिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब देशहित से भटक चुकी है और वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली बयानबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा जनता को बोझ समझा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को देश की ताकत और संपदा के रूप में देखा है।
गुजरात की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भाजपा अध्यक्ष का जोर संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर विस्तार पर रहा। अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की स्पष्ट नीति और मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अब ‘जॉब सीकर’ नहीं बल्कि ‘जॉब गिवर’ बन रहा है। उन्होंने इसे नए भारत की पहचान बताया और कहा कि स्टार्टअप क्रांति ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
गांधीनगर स्थित GIFT City में आयोजित ‘यंग वॉइस समिट – द फ्यूचर ब्लॉक’ कार्यक्रम में युवा उद्यमियों और स्टार्टअप फाउंडर्स से संवाद करते हुए नीतिन नवीन ने गुजरात मॉडल को विकास की प्रयोगशाला बताया। उन्होंने कहा कि कभी जिस गिफ्ट सिटी का मजाक उड़ाया जाता था, आज वही वैश्विक निवेश और फाइनेंस का बड़ा केंद्र बन चुका है। यह प्रधानमंत्री मोदी के विजन और दीर्घकालिक प्लानिंग का परिणाम है।
AI Summit में ‘शर्टलेस विरोध’ से INDIA गठबंधन में दरार..? सहयोगी SP और RJD ने भी बताया-गलत तरीका
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का रोडमैप केंद्र सरकार के बजट में स्पष्ट दिखाई देता है और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख हालिया अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों से झलकती है। उनके अनुसार, भाजपा का लक्ष्य तुष्टीकरण नहीं बल्कि विकास, सांस्कृतिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण है।
अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि पार्टी ने दशकों तक वोट बैंक की राजनीति की, जबकि भाजपा कठोर लेकिन राष्ट्रहित में निर्णय लेने से पीछे नहीं हटती। उन्होंने कहा कि जब-जब कमल खिलता है, देश मजबूत होता है और विभाजनकारी ताकतें कमजोर पड़ती हैं। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।






















