बिहार के हाजीपुर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था (Hajipur Crime News) पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की उसके ही घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के समय पास ही पार्टी का माहौल था, संगीत और शोरगुल के बीच अपराधियों ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, महिला लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर चुकी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
बिहार में महादलित को श्मशान जाने का नहीं मिला रास्ता.. सड़क पर ही कर दिया दाह संस्कार
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोली मारी, जिससे हत्या की साजिश पहले से रची होने की आशंका मजबूत होती है।
मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस इस एंगल को गंभीरता से लेते हुए आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और व्यक्तिगत विवाद जैसे सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। इसी कड़ी में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
DSP सुबोध कुमार ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






















