महाशिवरात्रि के त्योहार के बाद अब बिहार में होली की तैयारियां जोरों पर हैं। जहां एक ओर लोग रंगों के इस पर्व को लेकर उत्साहित हैं, वहीं राज्य सरकार ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने होली के दौरान राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। आगामी 14 और 15 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा, इस दौरान पुलिस मुख्यालय ने 10 से 18 मार्च तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश जारी किया है।
इस फैसले की जानकारी अपर पुलिस मुख्यालय लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार सिंह ने एक पत्र के जरिए दी है। पत्र में बताया गया है कि विशेष परिस्थिति में अवकाश पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन सामान्य छुट्टियां पूरी तरह से रद्द की गई हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, होली के अवसर पर राज्य में विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। यह आदेश बिहार पुलिस के सभी अधिकारियों को भेजा गया है, जिसमें बी-सैप के महानिदेशक, महानिदेशक (प्रशिक्षण), अपर पुलिस महानिदेशक, रेलवे पुलिस, सीआईडी, विशेष शाखा, आर्थिक अपराध इकाई, और सभी प्रक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक भी शामिल हैं।