कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेंगलुरु में फ्रीडम पार्क में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली’ के दौरान कहा कि चुनाव आयोग मुझसे हलफनामा मांगता है। वो कहता है कि मुझे शपथ लेनी होगी। मैंने संसद में संविधान की शपथ ली है। राहुल गांधी ने कहा कि आज जब देश की जनता हमारे डेटा को लेकर सवाल पूछ रही है तो चुनाव आयोग ने वेबसाइट ही बंद कर दी। EC जानता है कि जनता उनसे सवाल पूछने लगी तो उनका पूरा ढांचा ढह जाएगा।
चोरी पकड़े जाने के बाद राजस्थान-बिहार की वेबसाइट बंद.. चुनाव आयोग पर फिर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से 5 सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है. इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे धमकी देने से पहले चुनाव आयोग इन 5 सवालों के जवाब दे।
- विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं मिल रही? क्या छिपा रहे हो?
- CCTV और वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं – क्यों? किसके कहने पर?
- फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई – क्यों?
- विपक्षी नेताओं को धमकाना, डराना – क्यों?
- साफ-साफ बताओ – क्या ECI अब BJP का एजेंट बन चुका है?
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को वोटर लिस्ट में गड़बड़ पर 1 घंटे 11 मिनट तक 22 पेज का प्रेजेंटेशन दिया। राहुल ने स्क्रीन पर कर्नाटक की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में संदिग्ध वोटर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नतीजे देखने के बाद हमारा शक पुख्ता हुआ कि चुनाव में चोरी हुई है। मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट नहीं देने से हमें भरोसा हुआ कि चुनाव आयोग ने भाजपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र के चुनाव की चोरी की है। राहुल ने कहा कि हमने यहां वोट चोरी का एक मॉडल पेश किया, मुझे लगता है कि इसी मॉडल का प्रयोग देश की कई लोकसभाओं और विधानसभाओं में हुआ।






















