JAMSHEDPUR : मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2024 के तहत पूरे जिले में बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन कार्य किया जा रहा । इस अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना, नाम/ पता आदि त्रुटियों को सुधार करने, मृत/स्थानांतरित, फोटो अपडेट करने आदि से संबंधित कार्य किये जा रहे है। नाम जोड़ने के लिए बीएलओ के माध्यम से फॉर्म 6 भरना होगा। नाम हटाने के लिए फॉर्म 7, एनआरआई मतदाता के लिए फॉर्म 6A से नाम जोड़ा जा सकता है। किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म 8 से आवेदन कर सकते हैं। वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदाता स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं। यह एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें या ऑनलाइन आवेदन चुनाव आयोग के वेबसाइट voters.eci.gov.in पर भी जमा कर सकते है। साथ ही किसी भी तरह की निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करें।
प्रशिक्षण के बाद डोर टू डोर
लोकसभा-विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू रूप से संपादन को लेकर झारखंड राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा सिदगोड़ा टाउन हॉल में दो दिन पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें जिले की उपायुक्त विजया जाधव के साथ-साथ धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी पीयूष सिन्हा, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद थे। आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव से पूर्व डोर टू डोर जाकर किस तरह से कार्य करना है इस पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया। मृत व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची से हटाना, जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है वैसे नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना, कोई मतदाता बाहर चले गए है उनका नाम हटाना इन सब से संबंधित दिशा निर्देश संबंधित पदाधिकारियों द्वारा दिया गया। 21 जुलाई से लेकर 21 अगस्त तक डोर टू डोर कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के कार्य को संपन्न करेंगे।




















