RANCHI: इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी इमा एवं रांची प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वाधान में इमा कराटे केंद्र का उद्घाटन प्रेस क्लब में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्र, विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष पिंटू दुबे एवं सदस्य परवेज कुरेशी उपस्थित थे। उद्घाटन इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी (इमा) के तकनीकी निदेशक शिहान सुनील किस्पोट्टा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहिनी रितिका टोप्पो और नन्हे कराटे खिलाड़ियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व कराटे खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा के विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। आदित्य ने काता का प्रदर्शन किया, वहीं 6 वर्षीय एरिक ने 3 खिलाड़ियों को फाइट में धूल चटा कर लोगों की वाहवाही लूटी।
आत्मरक्षा की बताई तकनीक
कुमारी मीनाक्षी ने बसाई दाई काता का प्रदर्शन किया। ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी राकेश तिर्की ने ब्लैक बेल्ट काता का प्रदर्शन किया। आरती टोप्पो ने विभिन्न प्रकार से आत्मरक्षा के तकनीकों का प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। मुख्य अतिथि संजय मिश्र ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रेस क्लब का मुख्य उद्देश्य में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना भी है ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व राज्य का नाम रोशन कर सके l शिहान सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि इमा राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए प्रयासरत है। कई खिलाड़ियों को 2023 में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी उद्देश्य से प्रेस क्लब में इमा कराटे केंद्र का उद्घाटन किया गया है। इस केंद्र में रविवार को सुबह 8:30 बजे से, सोमवार और मंगलवार को शाम 4:30 बजे से प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहले आने वाले 20 लोगों का नि:शुल्क नामांकन लिया जाएगा l




















