मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक होने वाली है। बैठक मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में साढ़े चार बजे से बैठक शुरू होगी। एक सप्ताह बाद होने जा रही कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले पर मुहर लग सकती है। बेंगलुरु में विपक्षी एकता को लेकर हुई बैठक के कारण पिछले सप्ताह कैबिनेट की बैठक नहीं हो पाई थी। बैठक में अलग-अलग विभागों के मंत्री मौजूद रहेंगे। कैबिनेट की बैठक पर सबकी नजर होगी कि नौकरी और रोजगार को लेकर नीतीश सरकार क्या कुछ फैसला लेती है।
13 जुलाई की बैठक में 17 एजेंडों पर लगी थी मुहर
इससे पहले 13 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 17 एजेंडों पर मुहर लगी थी। मीठापुर महुली एलिवेटेड सड़क के लिए 500 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। बिहार सरकार की पुरानी पेंशन व्यवस्था में जीवन काट रहे पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में इजाफा किया गया था। इसके साथ ही अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगी थी। आज होने वाली कैबिनेट की बैठक में भी एक अहम एजेंड़ों पर मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिलने की संभावना है।




















