बिहार में पहली बार होने वाले फुटबॉल के ‘बिहार स्टेट यूथ लीग 2024’ का शुभारंभ , पाटलिपुत्र खेल परिसर में आज भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान अभिषेक यादव, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण और निदेशक सह सचिव पंकज कुमार राज की उपस्थिति में, बीएसएसए और इम्पीरीअल की टीम के बीच खेले गए मुकाबले के साथ हुआ। अभिषेक यादव ने खिलाड़ियों से मिल कर उनका हौसला बढ़ाया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि बिहार में पहली बार फुटबॉल के बिहार स्टेट यूथ लीग 2024 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग फुटबॉल क्लब की कुल 13 टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। प्राधिकरण की टीम भी इसमें हिस्सा ले रही है। अंडर 17 में 11 टीम और अंडर 15 में कुल 6 टीम है और कुछ टीम दोनों आयु वर्ग में खेल रही है।

यह लीग सिर्फ बालक वर्ग के अंडर 15 और अंडर 17 आयुवर्ग के लिए है। 21 मई से 2 जून तक इस लीग का आयोजन किया जाएगा। आगे शंकरण ने बताया कि अंडर 15 के लीग मैच मनोज कमालिया स्टेडियम, पटना सिटी में और अंडर 17 के मैच पाटलिपुत्र खेल परिसर में खेले जाएंगे। दोनों का फाइनल 2 जून को पाटलिपुत्र खेल परिसर में खेला जाएगा। आज के परिपेक्ष में बिहार में खेल एक आंदोलन का रूप लेने लगा है। इसलिए यहां हर खेल में बिहार के युवा बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। इस फुटबॉल लीग से चुने गए प्रतिभावान खिलाड़ी भविष्य में राज्य की ओर से राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए देखे जा सकते हैं।
इस लीग में हिस्सा लेने वाली टीमें हैं-
1. एफ.एस.एस.ए
2. ए.आर.एम.एफ.ए
3.पी.एस.एफ.ए
4. विशाल यूनाइटेड एफ.सी
5. यूरेशिया
6. अल्फा स्पोर्ट्स
7. बी.एस.एस.ए
8. आर.डी.पी.एस
9. कैनाट एफ.सी
10. इंपीरियल एफ.सी
11. ई.यू.एफ.सी
12. पी.एफ.सी
13. रेड हीट एफ.ए
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव पंकज कुमार राज ने बताया कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता और प्रयास के परिणाम स्वरूप आज बिहार में विभिन्न खेलों की राज्यस्तरीय और राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिताएं सफलता पूर्वक आयोजित की जा रही हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण भी इसमें निरंतर हर संभव प्रयास और सहयोगकरता रहा है। भविष्य में भी इस तरह की कई प्रतियोगिताएं अन्य खेलों के लिए भी आयोजित की जाएंगी।

आज बिहार स्टेट यूथ लीग के प्रारम्भिक मैच में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अभिषेक यादव, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक सह सचिव पंकज कुमार राज, खेल प्राधिकरण के अधिकारी राजेन्द्र कुमार, केशव पांडे, बिहार एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकत अली, बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव सय्यद इम्तियाज हुसैन आदि स्टेडियम में उपस्थित रहे। .