भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) अचानक सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है। सीरीज का पहला मुकाबला आज बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है, ऐसे में पंत की गैर मौजूदगी ने टीम मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
शब्बीर खान का तूफान, बिहार का ताज.. विजय हजारे प्लेट 2025-26 जीतकर एलीट लीग में धमाकेदार एंट्री
बीसीसीआई की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, शनिवार के प्रैक्टिस सेशन के दौरान नेट में बल्लेबाजी करते समय ऋषभ पंत को दाहिनी तरफ पेट के निचले हिस्से में तेज खिंचाव और असहजता महसूस हुई। उन्हें तुरंत MRI जांच के लिए ले जाया गया, जहां BCCI मेडिकल टीम और संबंधित विशेषज्ञों ने क्लिनिकल व रेडियोलॉजिकल रिपोर्ट की समीक्षा की। जांच में साइड स्ट्रेन यानी ऑब्लिक मसल टियर की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें पूरी वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया।

पंत की चोट ने चयनकर्ताओं को तुरंत विकल्प तलाशने पर मजबूर कर दिया। ऐसे में शानदार फॉर्म में चल रहे 24 वर्षीय विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को टीम में जगह दी गई। जुरेल विजय हजारे ट्रॉफी में धुआंधार प्रदर्शन करते दिखे और चयन समिति ने बिना समय गंवाए उन्हें बुलावा भेजा। ध्रुव शनिवार रात ही टीम इंडिया के कैम्प में शामिल हो गए।
पटना के गांधी मैदान में आज से नो एंट्री.. सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 128 कैमरों से होगी निगरानी
ध्रुव जुरेल इस समय भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे स्थिर और भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जा रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने सिर्फ 7 मैचों में दो शतक और चार अर्धशतक जड़े और 558 रनों के साथ शीर्ष स्कोरर्स में तीसरे स्थान पर रहे। लिस्ट-A क्रिकेट में उनके 17 मैचों में 74.7 का औसत उनकी क्लास और निरंतरता को दर्शाता है। जुरेल ने भारत के लिए अभी तक वनडे डेब्यू नहीं किया है, लेकिन 9 टेस्ट और 4 T20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे स्क्वाड का भी हिस्सा थे।
पंत की चोट टीम इंडिया के लिए मुश्किल जरूर है, लेकिन युवा जुरेल के लिए यह सुनहरा मौका साबित हो सकता है। आने वाले मैचों में यह देखना दिलचस्प रहेगा कि जुरेल अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स और बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को कितना प्रभावित कर पाते हैं। वहीं ऋषभ पंत की रिकवरी की समयसीमा का अपडेट आगे मेडिकल रिपोर्ट्स के बाद मिल सकेगा।

















