1 जून यानी की आज दिल्ली में इंडी गठबंधन की बैठक होगी और इस बैठक में चंपई सोरेन और कल्पना सोरेन भी शामिल होंगे। यह बैठक कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने बुलाई है। लोकसभा चुनाव में अपना प्रदर्शन का आकलन करने और नतीजों से पहले अपनी रणनीति तैयार करना इस बैठक का एजेंडा है।
इस प्रस्तावित बैठक के दौरान देश में आखिरी चरण का मतदान चल रहा होगा। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में विपक्षी नेता 4 जून के नतीजों से पहले अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे और 7 चरण के चुनावों में अपने प्रदर्शन का आकलन करेंगे। हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि वे इस बैठक में शामिल नहीं होंगी। INDI अलायंस की ये छठी बैठक होगी। इससे पहले I.N.D.I.A. के नेता 4 बार पटना, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में बैठक कर चुके हैं। एक बार वर्जुअल मीटिंग हुई थी।
कोलकाता में ममता बनर्जी ने कहा कि I.N.D.I.A. ब्लॉक की 1 जून को मीटिंग रखी है। मैंने बोला कि मैं नहीं आ सकती, मेरे घर में 10 सीट पर चुनाव है। इसी दिन पंजाब, अखिलेश के स्टेट यूपी और बिहार में भी चुनाव हैं। चुनाव 6 बजे तक चलता है। अंत में जो लाइन में लगा होता है, उसे रात में 10 बज जाता है तो ये सब मैं कैसे छोड़कर चली जाऊंगी।
ममता ने ये भी कहा कि एक तरफ साइक्लोन, रिलीफ सेंटर, दूसरी तरफ चुनाव, हमको सबकुछ करना पड़ेगा। लेकिन मेरी प्रायोरिटी रिलीफ सेंटर है। उसको देखना, घर बनाकर देना, मदद करना है। मैं यहां मीटिंग कर रही हूं और मुझे पता है कि लोगों का सब बाहर पड़ा है। ये भावना की बात है। एक जून को पश्चिम बंगाल में कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर, जादवपुर, दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर और डायमंड हार्बर सीटों पर चुनाव हैं।




















