Indigo: नए साल की शुरुआत के साथ ही हवाई यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लिए राहत बनकर शुरू हुई इंडिगो की पूर्णिया–दिल्ली फ्लाइट अचानक 8 दिनों के लिए रद्द कर दी गई है। हैरानी की बात यह है कि न तो मौसम खराब है, न किसी तकनीकी खामी की जानकारी दी गई है और न ही यात्रियों को पहले से कोई आधिकारिक सूचना मिली है। 19 जनवरी से 26 जनवरी तक इस रूट की बुकिंग बंद कर दी गई है, जिससे यात्रियों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली यह फ्लाइट उन यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जा रही थी, जो सीमांचल और कोसी इलाके से देश की राजधानी का सफर करते हैं। कारोबार, इलाज, पढ़ाई और प्रशासनिक कामों के लिए रोजाना करीब 200 यात्री इस फ्लाइट से सफर कर रहे थे। अचानक बुकिंग बंद होने और उड़ान रद्द होने से यात्रियों को मजबूरी में कोलकाता या पटना का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन भी इस फैसले से अनभिज्ञ नजर आ रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट के डायरेक्टर डीपी गुप्ता का कहना है कि कुछ यात्रियों से उन्हें इस बारे में जानकारी जरूर मिली है, लेकिन इंडिगो की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पत्र या सूचना नहीं दी गई है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर बिना एयरपोर्ट अथॉरिटी को सूचित किए फ्लाइट कैसे रद्द कर दी गई।
दूसरी ओर, इंडिगो के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि 19 से 26 जनवरी के बीच पूर्णिया–दिल्ली फ्लाइट कैंसिल रहेगी, लेकिन उन्होंने इसके पीछे का ठोस कारण बताने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया कि इस अवधि में पूर्णिया से दिल्ली और कोलकाता के लिए अन्य इंडिगो फ्लाइट्स का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। इसके बावजूद, पूर्णिया–दिल्ली रूट पर निर्भर यात्रियों के लिए यह राहत नाकाफी साबित हो रही है।
गौरतलब है कि 26 अक्टूबर को इंडिगो ने एक साथ पूर्णिया से दिल्ली और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ानों की शुरुआत की थी। यह कदम सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी पहल माना गया था। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और छात्रों को इससे काफी सुविधा मिली थी। लेकिन महज कुछ महीनों के भीतर ही इस तरह फ्लाइट का रद्द होना न केवल यात्रियों का भरोसा तोड़ रहा है, बल्कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क की स्थिरता पर भी सवाल खड़े कर रहा है।




















